Breaking
Wed. Apr 29th, 2026

ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता: डीएवी चाईबासा और मधुसूदन पब्लिक स्कूल की जीत

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता (2025-26) के तहत आज दो मुकाबले खेले गए, जिसमें सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा और मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया ने जीत दर्ज की।

पहला मैच सुबह 7 बजे खेला गया, जिसमें सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा ने पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चाईबासा को 36 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएवी की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 176 रन बनाए।

कप्तान सोहम मैती ने 48 गेंदों पर 79 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। दिव्यांश यादव ने 21 और आरव पॉल ने 15 रन बनाए। विपक्ष की ओर से नीलेश कुमार दास ने 3 विकेट और उज्जवल कुमार शर्मा ने 2 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 140 रन ही बना सकी। शिवम कुमार ने 50 रन, आर्य राज ने 24 और नीलेश कुमार दास ने 19 रन बनाए। डीएवी की ओर से शिवांश झा ने 17 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि सोहम मैती ने 2 विकेट हासिल किए। इस मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए सोहम मैती को मैन ऑफ द मैच चुना गया। डीएवी की यह लगातार तीसरी जीत है और टीम 6 अंकों के साथ अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है।

दूसरा मैच दोपहर 2 बजे खेला गया, जिसमें मधुसूदन पब्लिक स्कूल आसनतलिया ने सीतानाथ महतो विद्या मंदिर सोनुवा को 9 विकेट से हराया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए सीतानाथ महतो विद्या मंदिर की टीम मात्र 5.1 ओवर में 25 रन बनाकर ऑल आउट हो गई, जो इस प्रतियोगिता का अब तक का सबसे कम स्कोर है। टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच सका।

मधुसूदन पब्लिक स्कूल की ओर से कप्तान त्रिनाथ प्रधान ने 12 रन देकर 7 विकेट झटके, जो प्रतियोगिता के 15 वर्षों के इतिहास में पहली बार हुआ है। अयांश श्रीवास्तव ने 2 और इशान श्रीवास्तव ने 1 विकेट लिया।

जवाब में मधुसूदन पब्लिक स्कूल ने 1.5 ओवर में 1 विकेट खोकर 31 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रौशन सिंह ने 15 और अयांश श्रीवास्तव ने नाबाद 10 रन बनाए। त्रिनाथ प्रधान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।

Related Post