चाईबासा: सदर प्रखंड अंतर्गत सोमा पंचों गांव में जिला परिषद पश्चिमी सिंहभूम की ओर से 15वें वित्त योजना मद से निर्मित सरकारी तालाब में स्नान घाट का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन जिला परिषद सदस्य लालमुनि पूर्ति ने ग्रामीणों के साथ मिलकर किया।
इस योजना की प्राक्कलित राशि 3,66,232 रुपये बताई गई है। स्नान घाट के निर्माण से सोमा पंचों और मोरासाई पंचों गांव के ग्रामीणों को नहाने और कपड़े धोने में काफी सुविधा होगी। पहले ग्रामीणों को तालाब किनारे असुविधा का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पक्का घाट बनने से दैनिक कार्य आसान हो जाएगा।
ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य के लिए जिला परिषद और संबंधित विभाग के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि इस तरह की योजनाएं गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करती हैं।
मौके पर संवेदक श्रद्धा इंटरप्राइजेज के प्रतिनिधि के रूप में पटल रजक और सुरा लागुरी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और सभी ने इस सुविधा का स्वागत किया।

