Breaking
Tue. Jun 30th, 2026

महायज्ञ में उमड़ी भीड़ के बीच महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ले गए उचक्के, श्रद्धालुओं में दहशत

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केबुल बस्ती में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान एक चोरी की घटना सामने आने से पूरे आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धार्मिक आस्था और भक्ति के बीच उमड़ी भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने एक महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ली, जिससे श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, केबुल टाउन निवासी इंदु सिंह रविवार की सुबह महायज्ञ में पूजा-अर्चना करने पहुंची थीं। यज्ञशाला में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वे श्रद्धा के साथ परिक्रमा कर रही थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने बड़ी सफाई से उनके गले से करीब दो तोला वजन की सोने की चेन पार कर दी। घटना इतनी शातिर तरीके से अंजाम दी गई कि महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी।

कुछ देर बाद जब इंदु सिंह ने अपने गले को खाली पाया, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई। हालांकि काफी खोजबीन के बावजूद चोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।

घटना के बाद पीड़िता ने गोलमुरी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Post