Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

टाटा स्टील समर कैंप 2026 की शुरुआत, खेलों के जरिए प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास पर जोर

जमशेदपुर। टाटा स्टील के स्पोर्ट्स डिवीजन ने बहुप्रतीक्षित समर कैंप 2026 की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह कैंप 11 मई से 31 मई तक जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों के माध्यम से सीखने, आगे बढ़ने और अपनी छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करना है।

टाटा स्टील अपनी स्थापना के मूल्यों के अनुरूप हमेशा से खेल संस्कृति को बढ़ावा देता रहा है। समर कैंप इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्टता जैसे मूल्यों को मजबूत करने का काम करता है।

पिछले वर्ष इस कैंप में 2,995 प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जबकि इस बार 3,500 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेष समावेशिता को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 40 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और लगभग 60 ‘मस्ती की पाठशाला’ के बच्चों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।

इस कैंप में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, तैराकी, योग, जुंबा, कराटे, मुक्केबाजी, शतरंज, घुड़सवारी, रोलर स्केटिंग और बास्केटबॉल सहित कुल 19 खेलों एवं गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही टाटा स्टील के अन्य केंद्रों जैसे टिएसके, टिएसएम, आरएम, टीजीएस और टीएसजी में भी इसी प्रकार के कैंप आयोजित किए जाएंगे।

इस वर्ष 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए रोल बॉल स्केटिंग की गतिविधि को जारी रखा गया है। साथ ही सभी आयु वर्ग के लिए तेजी से लोकप्रिय हो रहे पिकल बॉल खेल को भी शामिल किया गया है। वयस्कों के लिए आत्मरक्षा, वजन नियंत्रण और फिटनेस से जुड़े विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

कैंप को पारिवारिक अनुभव बनाने के लिए अभिभावकों हेतु भी विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। सभी प्रशिक्षकों को पोश (कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम) और नैतिक दिशा-निर्देशों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि प्रतिभागियों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

प्रतिभागियों के समग्र विकास के लिए एक पोषण विशेषज्ञ द्वारा खेल पोषण और जलयोजन पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय संस्था लीडिंग यू(एन)थ (टीएलवाई) द्वारा विभिन्न आयु वर्ग के लिए कार्यशालाएं भी कराई जाएंगी।

6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए यह कार्यशालाएं खेल आधारित सीख, रचनात्मकता, टीमवर्क और कहानी सुनाने की क्षमता पर केंद्रित रहेंगी। वहीं 13 से 19 वर्ष के किशोरों के लिए नेतृत्व क्षमता, दबाव में प्रदर्शन, संवाद कौशल और व्यक्तिगत पहचान निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस अवसर पर शुक्रवार को टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डी.बी. सुंदर रामम ने कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समर कैंप जैसे आयोजन युवाओं को प्रेरित कर उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने जमशेदपुर के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्टील सिटी में खेलों के प्रति लोगों का उत्साह कंपनी को हर वर्ष बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। इस वर्ष का समर कैंप पहले से अधिक प्रभावशाली और रोचक होगा।

Related Post