Breaking
Sat. Sep 19th, 2026

*चाईबासा ब्लड बैंक में आधुनिक जांच मशीन और तकनीशियनों की व्यवस्था की मांग*

चाईबासा: चाईबासा ब्लड बैंक में रक्त की जांच एवं प्रसंस्करण के लिए आधुनिक मशीनों की व्यवस्था तथा कुशल तकनीशियनों की पदस्थापना और बहाली की मांग को लेकर रोटरी क्लब चाईबासा के पूर्व अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री इरफान अंसारी को पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने जनहित में रक्त से जुड़े इस महत्वपूर्ण मामले का शीघ्र समाधान करने का अनुरोध किया है।

गुरमुख सिंह खोखर ने पत्र में कहा है कि राज्य सरकार के आह्वान तथा पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त के आग्रह और प्रयासों से जिले में विभिन्न रक्तदान शिविरों के माध्यम से लगातार रक्त संग्रह किया जा रहा है। रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से एक जुलाई 2012 से प्रत्येक माह की एक तारीख को नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक सितंबर 2026 तक क्लब की ओर से लगातार 171वां मासिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भी समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर रक्त संग्रह करती हैं। हालांकि नवंबर 2025 से पश्चिम सिंहभूम जिले में रक्तदान शिविरों के माध्यम से संग्रहित रक्त को जांच और प्रसंस्करण के लिए जमशेदपुर भेजा जा रहा है। जांच के बाद एक-दो दिन में वहां से सीमित मात्रा में रक्त वापस चाईबासा ब्लड बैंक पहुंचता है।

पत्र में बताया गया है कि चाईबासा और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन करीब 20 से 25 यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में रक्त की जांच, प्रसंस्करण और उपलब्धता की प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर मजबूत होना जरूरी है। गुरमुख सिंह खोखर ने कहा कि वर्तमान जरूरत के अनुरूप रक्त की पूरी उपलब्धता नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से चाईबासा ब्लड बैंक में आधुनिक रक्त जांच एवं प्रसंस्करण मशीनों की व्यवस्था कराने तथा कुशल तकनीशियनों की पदस्थापना और बहाली की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले का शीघ्र उचित समाधान किया जाएगा।

Related Post