जमशेदपुर। परसुडीह क्षेत्र में जर्जर सड़कों, बजबजाती नालियों और पेयजल संकट से परेशान लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। रविवार को सामाजिक संस्था “बंग बंधु” के बैनर तले प्रमाथनगर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान की मांग की।
धरने में शामिल लोगों ने बताया कि मखदुमपुर से रेलवे फाटक तक की मुख्य सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हालत इतनी खराब है कि ऑटो और रैपिडो चालकों ने इस इलाके में आना-जाना लगभग बंद कर दिया है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाल ही में हुई बारिश ने स्थिति को और भी बदतर बना दिया है। दयामयी काली मंदिर और बैंक ऑफ इंडिया के पास स्थित फ्लैटों में नालियों का गंदा पानी घुस गया, जिससे लोगों का जनजीवन नारकीय हो गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इलाके में नालों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में जलजमाव और गंदगी की समस्या उत्पन्न हो जाती है।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने जनप्रतिनिधियों पर “फोटोबाजी” करने और सिर्फ आश्वासन देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि सड़क निर्माण का शिलान्यास हो चुका है, तो प्रशासन को वर्क ऑर्डर सार्वजनिक करना चाहिए और जल्द काम शुरू करना चाहिए। साथ ही गोविंदपुर जलापूर्ति योजना में बार-बार खराबी के नाम पर हफ्तों पानी बंद रहने को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई।
धरना का नेतृत्व कर रहीं बंग बंधु संस्था की केंद्रीय अध्यक्ष अपर्णा गुहा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का पूरा हक है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब खोखले वादों से काम नहीं चलेगा और यदि समस्याओं का समाधान तय समय में नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस धरना में संस्था के प्रमुख सदस्य सुब्रत घोष, बापी दत्ता, रंजीत सरकार, सुभाष मंडल, संजीव बनर्जी, रीना दास, मीना सरकार, अर्चना पाल, शंभू हाजरा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
संस्था ने जिला प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय के भीतर सड़क, नाला और पेयजल की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

