Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

रेल यात्री संघर्ष समिति के बैनर तले आगे बढ़ेगा आंदोलन, शिवशंकर सिंह बने संयोजक

जमशेदपुर। टाटानगर से चलने वाली यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ शुरू हुए आंदोलन को अब नया स्वरूप मिल गया है। रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगे का आंदोलन ‘रेल यात्री संघर्ष समिति’ के बैनर तले चलाया जाएगा, जिसका संयोजक शिवशंकर सिंह को बनाया गया है। बैठक मिलानी हॉल में हुई, जिसकी अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने की।

बैठक में सरयू राय ने कहा कि आंदोलन की मूल मांग सिर्फ इतनी है कि टाटानगर से यात्री ट्रेनें समय पर चलें और अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचें। उन्होंने आरोप लगाया कि 7 अप्रैल के प्रस्तावित धरने को रेलवे अधिकारी बदनामी के डर से स्थगित कराना चाहते थे। उन्होंने कहा कि रेलवे को केवल पांच मिनट के ठहराव को बेहतर तरीके से प्रबंधित करना है, जिससे ट्रेनों की लेटलतीफी काफी हद तक दूर हो सकती है। राय ने यह भी कहा कि मालगाड़ियों की संख्या घटाने या बढ़ाने से ज्यादा जरूरी है कि यात्री ट्रेनों को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एनटीईएस ऐप की विश्वसनीयता पर भी संदेह जताया गया। साथ ही यह आरोप भी लगाया गया कि रेक संचालन में अनियमितताएं हैं और इससे अधिकारियों को लाभ पहुंच रहा है। राय ने सुझाव दिया कि मालगाड़ियों को कुछ समय रोककर यात्री ट्रेनों को पहले निकाला जाए।

नवनियुक्त संयोजक शिवशंकर सिंह ने कहा कि यह आंदोलन आम जनता का है और इसे अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और समाज के लोगों से इस साझा मंच से जुड़ने की अपील की।

बैठक में शंभू सिंह, बाबर खान, आफताब अहमद सिद्दिकी, मुकेश मित्तल, कविता परमार, अशोक गोयल, अजय गुप्ता, सुबोध श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, अजय कुमार, नीरज सिंह, अमृता मिश्रा, अमित शर्मा, पप्पू सिंह, वीरू, मुकेश सिंह, सुमित सिंह, नीरज कुमार, कुंदन सिंह और दिनेश सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।

Related Post