Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

जमशेदपुर में वनवासी कल्याण केंद्र की बैठक, महिला समिति का गठन; सुनीता जायसवाल बनीं अध्यक्ष, सेवा विस्तार की बनी रणनीति

जमशेदपुर: वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड की जमशेदपुर महानगर समिति की रविवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित बैठक में महिला समिति के गठन के साथ सेवा कार्यों के विस्तार की रणनीति तय की गई। बैठक में सुनीता जायसवाल को महिला समिति का अध्यक्ष बनाया गया, जबकि जनजाति समाज के बीच व्यापक जागरण, सेवा कार्यों को गति देने और अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के उत्तर मध्य क्षेत्र संगठन मंत्री प्रफुल्ल आकांत ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए 24 मई 2026 को दिल्ली के लाल किला मैदान में प्रस्तावित जनजाति सांस्कृतिक समागम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह समागम जनजातीय समाज की आस्था, अस्मिता, परंपरा और संस्कृति के संरक्षण का बड़ा मंच बनेगा, जिसमें देशभर से लोग शामिल होंगे। उन्होंने समाज जागरण के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को इस आयोजन से जोड़ने का आह्वान किया।

इस दौरान सेवा पत्र योजना का भी शुभारंभ किया गया। महानगर सेवा पत्र योजना प्रमुख सुशील पांडे ने बताया कि इस योजना के माध्यम से सेवा, शिक्षा और स्वावलंबन के कार्यों को और गति देने के लिए जनसहयोग जुटाया जाएगा। बैठक में तय किया गया कि घर-घर संपर्क अभियान चलाकर लोगों को योजना से जोड़ा जाएगा और अधिकाधिक समर्पण राशि एकत्रित की जाएगी।

महिला समिति के गठन में विनीता शाह, सविता सिंह और डॉ. पुष्कर वाला को संरक्षक बनाया गया। सुनीता जायसवाल को अध्यक्ष, अंजू मुंडा को उपाध्यक्ष, प्रतिभा रानी मिश्रा को सचिव, डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन और बबीता पांडेय को सहसचिव, अनीषा सिन्हा को कोषाध्यक्ष, दुर्गा काटीवाल को सेवा पत्र योजना प्रमुख, बिंदु देवी को श्रद्धा जागरण प्रमुख, उषा पांडेय को सेवा कार्य प्रमुख तथा नीलम मिश्रा को सदस्य मनोनीत किया गया।

बैठक में महानगर अध्यक्ष राजेंद्र कुमार झुनझुनवाला, सचिव ललित सिंघानिया, कोषाध्यक्ष संजीव बदन सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सेवा कार्यों के विस्तार और जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Post