Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

किराया कटौती के खिलाफ भड़के ऑटो-रैपिडो चालक, सोमवार को शहर बंद का ऐलान

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित नरभेराम स्कूल के पास रविवार को ऑटो और रैपिडो चालकों का गुस्सा सड़क पर खुलकर सामने आया। लगातार घटती किराया दरों के विरोध में बड़ी संख्या में जुटे चालकों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कंपनियों की नीतियों पर सवाल उठाया। उनका कहना था कि मनमाने तरीके से किराया घटाए जाने से उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है और अब परिवार चलाना भी मुश्किल होता जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान मोनी सिंह , रोहित शर्मा, सुभाष भठ सहित अनेक चालकों ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि कुछ समय पहले तक उन्हें प्रति किलोमीटर 30 रुपये तक का किराया मिलता था, लेकिन धीरे-धीरे इसे घटाकर 15 रुपये कर दिया गया और अब यह दर गिरकर केवल 12 रुपये प्रति किलोमीटर रह गई है। चालकों का कहना है कि इस दर पर काम करना घाटे का सौदा बन चुका है, क्योंकि ईंधन, वाहन मेंटेनेंस और रोजमर्रा के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं।

चालकों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान हालात में इतनी कम दर पर गाड़ी चलाना संभव नहीं है। मेहनत के बावजूद आय इतनी कम हो गई है कि खर्च तक निकालना मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो उनके सामने भुखमरी जैसी नौबत आ सकती है।

अपनी मांगों को लेकर एकजुट चालकों ने प्रशासन और कंपनियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए सख्त कदम उठाने का फैसला लिया है। प्रदर्शन के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार को पूरे जमशेदपुर में ऑटो और रैपिडो सेवाएं बंद रखी जाएंगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही किराया दरों में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

चालकों के इस फैसले से शहर की यातायात व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Related Post