चाईबासा: महिला कॉलेज चाईबासा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में विशेष कैंप के तहत शुक्रवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 80 ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी बेसिक स्वास्थ्य जाँच कराई।
स्वास्थ्य जाँच के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और हेमोग्लोबिन की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएँ भी उपलब्ध कराई गईं।
यह शिविर स्वच्छता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मानकी दलपत देवगम उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच कराना जरूरी है, ताकि बीमारियों का समय पर पता चल सके और इलाज संभव हो सके।
इस अवसर पर महिला कॉलेज के प्रोफेसर सितेंद्र रंजन सिंह और मदन मोहन मिश्रा भी मौजूद रहे। साथ ही एनएसएस के वॉलंटियर्स ने शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन ने बताया कि इस स्वास्थ्य जाँच शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में बीमारियों की समय रहते पहचान करना और उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह विशेष कैंप 15 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान एनएसएस वॉलंटियर्स गांव में विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर कार्य करेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि 11 अप्रैल 2026 को शिक्षा और बाल विकास के तहत आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक स्कूल का भ्रमण किया जाएगा, जहां बच्चों को पोषण, स्वच्छता और आर्ट एंड क्राफ्ट से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
इस आयोजन से ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में मदद मिल रही है और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की है।

