Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

चेक डैम में डूबे दो स्कूली छात्र, दोनों का शव बरामद

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित आसंगी में खरकाई नदी पर बने चेक डैम में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नहाने के दौरान दो स्कूली छात्र गहराई में डूब गए। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेंट्रल पब्लिक स्कूल के नौवीं कक्षा के तीन छात्र—गोडविन थॉमस, रौनक भारद्वाज और प्रशांत कुमार—स्कूल समय के दौरान ही बिना सूचना के निकलकर आसंगी स्थित चेक डैम पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि गर्मी और उमस के बीच नहाने के इरादे से रौनक और गोडविन ने चेक डैम में छलांग लगा दी। लेकिन पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों अचानक संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते डूबने लगे।

घटना के समय उनके साथ मौजूद प्रशांत कुमार ने जब दोनों को डूबते देखा तो घबरा गया और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई। स्थानीय लोग तत्काल पानी में उतरे, लेकिन गहराई और बहाव अधिक होने के कारण दोनों छात्रों को बचाया नहीं जा सका। इसके बाद प्रशांत ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रौनक भारद्वाज और गोडविन थॉमस का शव देर शाम बरामद कर लिया गया। इसके लिए गोताखोर लगातार सर्च अभियान चलाए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने में देरी हुई, जिससे एक जान बचाई जा सकती थी। इसको लेकर प्रशासन और आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जैसे ही हादसे की खबर परिजनों तक पहुंची, दोनों परिवार मौके पर पहुंचे और अपने बच्चों की हालत जानकर बदहवास हो गए। बताया जा रहा है कि रौनक भारद्वाज और गोडविन थॉमस अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। रौनक का परिवार आदित्यपुर कॉलोनी रोड नंबर 11 में रहता है, जबकि गोडविन का घर रोड नंबर 27 में है। दोनों के घरों में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Post