Breaking
Thu. Apr 9th, 2026

दुम्बीसाई गाँव में महिला कॉलेज चाईबासा का एनएसएस विशेष शिविर शुरू

चाईबासा: महिला कॉलेज चाईबासा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) बी.एड. यूनिट द्वारा बी.एड. सत्र 2023-25 के स्वयंसेवकों के लिए दुम्बीसाई गाँव में विशेष शिविर की शुरुआत की गई। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में शिविर का उद्घाटन किया गया।

उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम, डॉ. मीनाक्षी मुंडा, प्रो. डोरिस मिंज और सोनुवा के मानकी दलपत देवगम मौजूद रहे। प्राचार्या डॉ. प्रीतिबाला सिन्हा ने अतिथियों और स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए कहा कि इस शिविर से छात्रों में सामुदायिक सेवा, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. मीनाक्षी मुंडा ने कहा कि ग्रामीणों में सहयोग की भावना मजबूत होती है, जिससे सीखने की जरूरत है। डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम ने कहा कि सभी को दूसरों की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया। मानकी दलपत देवगम ने स्वयंसेवकों का स्वागत किया, जबकि प्रो. डोरिस मिंज ने शिविर के सफल संचालन की कामना की।

एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अर्पित सुमन ने बताया कि शिविर 9 से 15 अप्रैल तक आयोजित होगा। इस दौरान विभिन्न विषयों पर गतिविधियां संचालित की जाएंगी। पहले दिन उद्घाटन और योजना निर्माण, दूसरे दिन स्वच्छता और स्वास्थ्य के तहत मेडिकल जांच शिविर, तीसरे दिन शिक्षा और बाल विकास के अंतर्गत आंगनबाड़ी भ्रमण, चौथे दिन पर्यावरण और जल संरक्षण पर फिल्म के माध्यम से जागरूकता, पांचवें दिन ग्रामीण समस्याएं और सरकारी योजनाओं पर महिला समिति केंद्र का दौरा, छठे दिन कौशल और सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सातवें दिन समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में डॉ. पुष्पा कुमारी, डॉ. राजीव लोचन नमता, डॉ. बबीता कुमारी, प्रो. शीला समद, प्रो. धनंजय कुमार, प्रो. सितेंद्र रंजन सिंह, प्रो. मदन मोहन मिश्रा और सोनुवा के मानकी अभय सोय सहित अन्य प्राध्यापक, बी.एड. सेमेस्टर-4 और सेमेस्टर-1 के स्वयंसेवक व छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Post