Breaking
Thu. Apr 9th, 2026

चाईबासा में अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में सामग्री जब्त

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटाकोईता गांव में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बनाने की एक मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को की गई इस छापेमारी में विभाग को भारी मात्रा में तैयार शराब और उसे बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद हुई है।

उत्पाद निरीक्षक निर्भय सिन्हा ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि छोटाकोईता गांव में अवैध रूप से शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद विभाग की टीम गांव पहुंची और काफी खोजबीन के बाद एक पुराने खपड़ैल मकान में चल रही मिनी फैक्ट्री का पता चला। मौके से 17 पेटी तैयार अवैध शराब, करीब 153 लीटर स्प्रिट, खाली बोतलें, ढक्कन, रैपर और स्टीकर समेत अन्य उपकरण जब्त किए गए।

उन्होंने बताया कि बरामद सभी सामग्री को जब्त कर विभागीय कार्यालय लाया गया है। हालांकि छापेमारी के दौरान मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला, लेकिन फैक्ट्री संचालक की पहचान के लिए जांच जारी है और जल्द ही संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी स्थिति में अवैध शराब का कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग पूरी तरह सतर्क है और इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने यह भी आशंका जताई कि बरामद शराब को बाजार में खपाने की तैयारी थी, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।

Related Post