जमशेदपुर। शौर्य दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की विभिन्न वाहिनियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान उन्होंने 106 आरएएफ वाहिनी को “सर्वश्रेष्ठ परिचालनिक वाहिनी” के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजते हुए ट्रॉफी प्रदान की। यह उपलब्धि वाहिनी द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतरीन कार्य प्रदर्शन के लिए दी गई है। कमांडेंट राजीव कुमार के नेतृत्व में 106 वाहिनी ने अपने पेशेवर कौशल और तत्परता से एक अलग पहचान स्थापित की है।
कार्यक्रम में आरएएफ की महानिरीक्षक सीमा ढुंडिया की उपस्थिति भी विशेष रही। वहीं, शौर्य दिवस के अवसर पर जमशेदपुर के सुंदरनगर स्थित 106 वाहिनी परिसर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने मौन रखकर वीर शहीदों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया।
श्रद्धांजलि समारोह में द्वितीय कमान अधिकारी सचिदानंद मिश्र के नेतृत्व में उप कमांडेंट बच्चन देव कुमार, सहायक कमांडेंट धंसे लक्ष्मण और अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। आयोजन के तहत सैनिक सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और “बड़ा खाना” का भी आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह पूरा आयोजन शौर्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को दर्शाता है, जिसने एक बार फिर देश की आंतरिक सुरक्षा में सीआरपीएफ और आरएएफ की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

