Breaking
Fri. Apr 3rd, 2026

नरसिंहपुर के पास सड़क हादसे में युवक की मौत, मेला से लौटते वक्त हुआ हादसा

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नरसिंहपुर गांव के समीप बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनापोस निवासी 25 वर्षीय बेनु गोप के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार बेनु गोप खैरपाल मेला देखने गया था और रात में अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान नरसिंहपुर गांव के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है।

Related Post