Breaking
Thu. Apr 2nd, 2026

जमशेदपुर में एक ही रात 6 दुकानों में चोरी, एक आरोपी पकड़ा गया, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के शिव मंदिर रोड और सुंदरनगर इलाके में बुधवार देर रात चोरों ने एक ही रात में कुल 6 दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान नकदी और सामान की चोरी की गई, जबकि एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरों ने तीन दुकानों में चोरी की। इनमें ‘अपना मार्ट’, ‘जनार्दन ज्वेलर्स’ और ‘संतोषी भंडार’ शामिल हैं। चोरों ने अपना मार्ट का ताला काटकर दुकान में प्रवेश किया, जबकि जनार्दन ज्वेलर्स में घुसने के लिए करीब 9 ताले तोड़े। संतोषी भंडार से लगभग 25 हजार रुपये नकद और कुछ सामान चोरी कर लिया गया।

वहीं सुंदरनगर इलाके में भी तीन दुकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें एक पान दुकान, एक राशन दुकान और एक पूजा सामग्री की दुकान शामिल है। राजू की पान दुकान में चोरी के दौरान लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जो सुंदरनगर के नीलडुंगरी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया।

चोरों ने रात करीब 12 बजे पान दुकान में वारदात को अंजाम दिया, जबकि करीब 1:30 बजे राशन दुकान का ताला तोड़ा गया। सुबह करीब 6 बजे दुकानदारों को घटना की जानकारी मिली। पूजा सामग्री की दुकान का ताला भी तोड़ा गया, लेकिन वहां से कुछ चोरी नहीं हुआ।

घटना स्थल सुंदरनगर थाना से महज 30 मीटर की दूरी पर है, जिसके कारण स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है। उनका कहना है कि इतनी नजदीक वारदात होना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

फिलहाल पुलिस दोनों क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Post