चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला में भारतीय जनता पार्टी मंडल कुमारडुंगी पूर्वी एवं पश्चिमी भाग द्वारा दीकुबालकांड स्किल सेंटर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। दीप प्रज्वलन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई, वर्गाधिकारी अनिल बिरुली, मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु, गोपाल पाट पिंगुवा तथा विनय कुमार दास द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
प्रशिक्षण शिविर के प्रथम सत्र का संचालन अनिल बिरुली ने किया। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को भाजपा का इतिहास, बूथ प्रबंधन, ‘मन की बात’, वैचारिक अधिष्ठान, अंत्योदय से संतृप्ति, कार्य पद्धति, कार्य विस्तार तथा सोशल मीडिया के उपयोग से संबंधित विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही नमो ऐप और सरल ऐप के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
आयोजकों ने बताया कि प्रशिक्षण के सभी सत्र पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन प्रश्न पत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रश्नों के उत्तर देने के पश्चात सभी कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
आज के प्रशिक्षण वर्ग में हाटगम्हरिया प्रखंड प्रमुख नीतम गागराई, सोनाराम गोप, दीनबंधु यादव, दुर्मिला नायक, जागदीश चंद्र बेहरा, दामुराम पिंगुवा, कृष्ण तियु, सरदार हेंब्रम, मंगल सिंह बानरा, डमरुधर बारिक, दुशमंत बेहरा, बाबलु गागराई सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न पंचायतों के संयोजक, सह-संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं मंडल पदाधिकारी भी प्रशिक्षण में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर से संगठन को मजबूती मिलती है और कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

