जमशेदपुर । बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह स्थित विजय गार्डन गेट नंबर-1 के पास बुधवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान अभिषेक डे के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और नाइट ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक अपनी बाइक से घर की ओर जा रहे थे, तभी उसी रास्ते से गुजर रहे सरिया लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद चालक ने लापरवाही बरतते हुए वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ते हुए युवक को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि महीने का अंतिम दिन होने के कारण अभिषेक देर रात तक ड्यूटी कर रहे थे और घर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

