Breaking
Thu. Apr 2nd, 2026

अशोका टावर में छज्जा गिरने से व्यक्ति की मौत, इलाके में मचा हड़कंप

जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अशोका टावर फेज-2 में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब अचानक ऊपर से छज्जा गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ओल्ड पुरुलिया कुम्हार बस्ती निवासी 60 वर्षीय मनोहर दिवर सुबह किसी काम से अशोका टावर के नीचे स्थित एक दुकान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भवन के ऊपरी हिस्से से अचानक छज्जा टूटकर नीचे गिर पड़ा। छज्जा गिरने की घटना इतनी अचानक हुई कि मनोहर दिवर को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे उसकी चपेट में आ गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। बताया जाता है कि मृतक मछली पकड़कर बेचने का काम करते थे और उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post