जमशेदपुर। रेलवे द्वारा अप्रैल से जून 2026 के बीच विभिन्न ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। यह बदलाव मुख्य रूप से आसनसोल–अंडाल–दुर्गापुर–सांतरागाछी सेक्शन में कार्य के कारण किया गया है, जिसके चलते कई ट्रेनों को डायवर्ट रूट से चलाया जाएगा। इस दौरान कुछ ट्रेनों के स्टॉपेज प्रभावित रहेंगे, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12551 एसएमवीबी–कामाख्या एक्सप्रेस को शनिवार के दिन अप्रैल में 4, 11, 18 और 25 तारीख, मई में 2, 9, 16, 23 और 30 तथा जून में 6, 13, 20 और 27 तारीख को आसनसोल–अंडाल–दुर्गापुर–अंडाल–सांतरागाछी की बजाय आसनसोल–अंडाल–सांतरागाछी मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 12552 कामाख्या–एसएमवीबी एक्सप्रेस को बुधवार के दिन निर्धारित तिथियों में परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 13417 दिगा–मालदा टाउन एक्सप्रेस तथा 13418 मालदा टाउन–दिगा एक्सप्रेस को गुरुवार के दिन अप्रैल, मई और जून माह में निर्धारित तिथियों पर परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 13425 मालदा टाउन–सूरत और 13426 सूरत–मालदा टाउन एक्सप्रेस के मार्ग में भी शनिवार और सोमवार के दिन बदलाव किया गया है।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 15629 तांबरम–शिल्हाटी तथा 15630 शिल्हाटी–तांबरम एक्सप्रेस को सोमवार और शुक्रवार के दिन बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 15640 कामाख्या–पुरी एक्सप्रेस रविवार को निर्धारित तिथियों में परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
ट्रेन संख्या 15661 रांची–कामाख्या और 15662 कामाख्या–रांची एक्सप्रेस को क्रमशः बुधवार और मंगलवार को डायवर्ट किया गया है। इसी तरह ट्रेन संख्या 15929 तांबरम–न्यू तिनसुकिया और 15930 न्यू तिनसुकिया–तांबरम एक्सप्रेस के मार्ग में भी गुरुवार और सोमवार को बदलाव किया गया है।
दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेन संख्या 22611 चेन्नई–न्यू जलपाईगुड़ी तथा 22512 न्यू जलपाईगुड़ी–चेन्नई एक्सप्रेस को भी क्रमशः बुधवार और शुक्रवार के दिन निर्धारित तिथियों में परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

