Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

साकची में ‘दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी’ का उद्घाटन, छात्रों को मिला आधुनिक अध्ययन केंद्र

जमशेदपुर। शहर के पुस्तक प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी सौगात देते हुए साकची स्थित जेएनएसी की “दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी” का बुधवार को भव्य उद्घाटन किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने फीता काटकर लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी मौजूद रहीं।

इसका पहले डीएम लाईब्रेरी नाम था,जिसका नाम बदल दिया गया है।अब इस नई लाइब्रेरी में लगभग 30 हजार पुस्तकों को रखने की क्षमता विकसित की गई है, जिनमें इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, विज्ञान, सामान्य ज्ञान और प्रसिद्ध लेखकों की रचनाएं शामिल होंगी। साथ ही यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए पत्रिकाएं और विशेष अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन में एक समय में करीब 120 छात्र शांत वातावरण में बैठकर अध्ययन कर सकेंगे।

उपायुक्त ने उद्घाटन के दौरान कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले समय में यहां पुस्तकों की संख्या और सुविधाओं में निरंतर वृद्धि की जाएगी। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी के संचालन के लिए पांच अधिकारियों की टीम गठित की गई है, जो व्यवस्था और गतिविधियों की निगरानी करेगी। छात्रों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर भी इसमें सुधार किए जाएंगे।

गौरतलब है कि इस लाइब्रेरी की शुरुआत वर्ष 1924 में टाटा स्टील द्वारा की गई थी, जिसे 1948 में जेएनएसी को सौंप दिया गया था। समय के साथ इसकी स्थिति खराब हो गई थी, जिसके बाद 2019 में पुनर्निर्माण की योजना बनाई गई। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से बने इस बहुमंजिला भवन में वातानुकूलित रीडिंग हॉल, ई-लाइब्रेरी, डिजिटल सुविधा, मल्टीपरपज हॉल, सभागार, कॉफी शॉप और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह लाइब्रेरी शहर के छात्रों और युवाओं के लिए ज्ञान का प्रमुख केंद्र बनेगी। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति ने इस नई सुविधा के प्रति उत्साह को दर्शाया।

Related Post