Breaking
Wed. Apr 1st, 2026

टाटानगर में ट्रेनों की देरी पर सरयू राय का सवाल, 7 अप्रैल के धरना की तैयारी तेज

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने टाटानगर रेलवे जंक्शन पर ट्रेनों के लगातार विलंब से पहुंचने को लेकर रेलवे व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रेल मंत्री से जवाब मांगते हुए कहा कि आखिर देश के विभिन्न हिस्सों से चलने वाली ट्रेनें टाटानगर समय पर क्यों नहीं पहुंच रही हैं।

बुधवार को बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर 7 अप्रैल को प्रस्तावित धरना कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में सरयू राय ने रेलवे की कार्यप्रणाली और रेल समितियों की भूमिका पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि समितियों में शामिल लोग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ठीक से नहीं कर रहे हैं और उनकी सक्रियता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने के कारण यात्री ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका जाता है, जिससे यात्रियों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ती है। उनके अनुसार रेलवे का ध्यान केवल मुनाफा बढ़ाने पर केंद्रित है, जबकि आम यात्रियों की सुविधा को नजरअंदाज किया जा रहा है।

सरयू राय ने कहा कि कई देशों में ट्रेन लेट होने पर यात्रियों से माफी मांगी जाती है और अधिक विलंब की स्थिति में मुआवजा भी दिया जाता है, लेकिन भारत में ऐसी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि रेलवे को व्यवसाय के साथ-साथ जनता की सुविधा को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने 7 अप्रैल को टाटानगर रेलवे जंक्शन पर प्रस्तावित धरना को व्यापक बनाने की अपील करते हुए कहा कि इसमें भारतीय जनता पार्टी को भी शामिल किया जाना चाहिए, क्योंकि वे एनडीए के सहयोगी हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाए और सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान चलाया जाए।

बैठक का संचालन जनता दल यूनाइटेड के नगर अध्यक्ष अजय कुमार ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, कुलविंदर सिंह पन्नू, आफताब अहमद सिद्दिकी, नवीन कुमार, उषा यादव और अंजलि सिंह सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे। एर्नाकुलम एक्सप्रेस से पहुंचे भानु राव ने ट्रेन के विलंब से चलने का अपना अनुभव साझा किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में शेषनाथ ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

Related Post