चाईबासा: अमला टोला वार्ड संख्या 19 स्थित आदर्श नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत पाँच कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ की गई। कार्यक्रम का आयोजन गायत्री परिवार, चाईबासा के सहयोग से विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर आयोजित महायज्ञ में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
गायत्री मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान में विद्यालय परिवार ने नए सत्र में बेहतर शैक्षणिक माहौल और विद्यालय की उन्नति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने माता सरस्वती की पूजा-अर्चना कर अपने अध्ययन कार्य की शुरुआत की।
हवन के उपरांत बच्चों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी वैदिक परंपरा के अनुसार नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाना और बच्चों में संस्कार का विकास करना है।
उन्होंने इस आयोजन में सहयोग के लिए शिक्षक समीर कुमार सिंह तथा गायत्री परिवार, चाईबासा के प्रति आभार व्यक्त किया।

