चाईबासा : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरकेला गांव के पास एक सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
घायलों की पहचान रमेश गोडसोरा और दुम्बी गोडसोरा के रूप में हुई है। दोनों किरीहातु गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में रमेश गोडसोरा के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि दुम्बी गोडसोरा के सीने में चोट लगी है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों घायलों को टोटो के माध्यम से चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार रमेश की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है, जबकि दुम्बी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक अपनी बहन के गांव से मागे पर्व में शामिल होकर लौट रहे थे। इस दौरान बाइक तेज गति में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन पेड़ से जा टकराया। स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक चला रहा युवक नशे में हो सकता है, जिससे हादसे की संभावना और बढ़ गई।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बनता जा रहा है।
प्रशासन और आम लोगों से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। सुरक्षित रहना और परिवार का ध्यान रखना सभी की जिम्मेदारी है।

