कोडरमा। जिले में तीन अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गयी जबकि लगभग डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। कोडरमा घाटी स्थित नौवां माइल के समीप शनिवार की देर रात सड़क हादसा में दो कार में सवार लगभग एक दर्जन लोग बुरी तरह से घायल हो गए। कार चालक चंदन कुमार ने बताया कि वे अपने परिवार संग बिहार से रांची जा रहे थे। उनके ठीक पीछे एक अन्य कार में भी कुछ लोग सवार होकर बिहार से रामगढ़ स्थित रजरप्पा के छिन्मस्तिका मंदिर पूजा करने जा रहे थे। इसी दौरान कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप विपरीत दिशा से एक हाईवा आ रही थी, जो काफी तेज गति में थी। हाईवा जो अपने लेन में जा रही थी, अचानक से अनियंत्रित होकर अपने लेन से हटकर इनके लेन में आ घुसी और एक साथ मौजूद तीन कार को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दो कार में सवार लगभग 10 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों तथा मौके पर मौजूद पीसीआर के पुलिस जवानों ने एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया। घायलों में नालंदा (बिहार) निवासी श्वेता कुमारी (35), शिवन्ति देवी (40), अदिति राज (15), रामशंकर पासवान (40), प्रिंस कुमार (18), संजय पासवान (35), अभिराज कुमार (10), आराध्या कुमारी (8), जनक देवी (45) तथा चंदन कुमार (31) शामिल हैं। दूसरी घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के चिगलावर गांव की है। जहां जयनगर थाना क्षेत्र के पावरहाउस डंडाडीह के रहने वाले राजन कुमार अपने मित्र आकाश ठाकुर व एक अन्य मित्र के साथ जयनगर प्रखण्ड अन्तर्गक्त हीरोडीह मेला घूमने जा रहा था। इसी दौरान चिगलावर के समीप एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक सड़क के किनारे गिर गए और बुरी तरह से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों को सदर अस्पताल भेजा जहां इलाज के क्रम में राजन कुमार (17) की मौत हो गई। जबकि आकाश ठाकुर को बेहतर इलाज हेतु रिम्स रेफर कर दिया गया है। रविवार की सुबह राजन के शव का पोस्टमार्टम करने के पश्चात उसके परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं तीसरी घटना तिलैया थाना क्षेत्र के महतोअहरा के पास हुई। बेकोबार से रजरप्पा के छिन्नमस्तिका मंदिर जा रहे एक कार में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसमें सवार आधे दर्जन लोग घायल हो गए। घायल के परिजन रोहित रजक ने बताया कि रविवार की अहले सुबह उनका पूरा परिवार रजरप्पा स्थित छिन्मस्तिका मंदिर जा रहा था। महतो अहरा के समीप पीछे एक अज्ञात वाहन ने उक्त कार में टक्कर मार दी। घटना के पश्चात तिलैया पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल कोडरमा भेजा। घटना में किशोर दास, दशरथ यादव, संजय रजक, धीरज रजक, ममता देवी तथा नागेश्वरी देवी घायल हो गईं।

