लोहरदगाः लोहरदगा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के मैना बगीचा स्थित शनि मंदिर के समीप ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके घर से मादक पदार्थ और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 की अपराह्न में पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा को गुप्त सूचना मिली कि मैना बगीचा स्थित शनि मंदिर के पास एक युवक द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। अंचलाधिकारी की उपस्थिति में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर उसके घर में पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान आर्यन भगत (22 वर्ष) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान युवक के घर से पलंग पर बिछे चादर के नीचे छिपाकर रखा गया पीले रंग का पॉलिथीन और एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद किया गया। पॉलिथीन के अंदर एक ठोस टुकड़ा और एल्युमिनियम फॉयल में लिपटे कई पुड़िया मिले, जिन्हें जांच में ब्राउन शुगर पाया गया। बरामद मादक पदार्थ का वजन करीब 4 ग्राम पाया गया। पुलिस ने सभी सामानों को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में लोहरदगा थाना कांड संख्या 58/26, दिनांक 28.03.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी में करीब 04 ग्राम ब्राउन शुगर, 01 इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन शामिल हैं। छापामारी दल में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर के साथ एसआई रवि रंजन कुमार, एसआई पप्पू कुमार, एएसआई चन्द्रदीप मेहता एवं लोहरदगा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

