Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

केपीजी सर को श्रद्धांजलि: भावपूर्ण सभा में पहुंचे शहर के गणमान्य लोग

जमशेदपुर: केरला समाजम एवं केरला समाजम मॉडल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में दिवंगत केपीजी सर की स्मृति में रविवार को एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके परिजन, मित्र, शुभचिंतक एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि, रोटरी क्लब के सदस्य, केरला समाजम के पदाधिकारी, उनसे जुड़े अनेक संगठनों के सदस्य तथा केरला समाजम मॉडल स्कूल (KSMS) और केरला समाजम हिंदी स्कूल (KSHS) के शिक्षकगण शामिल हुए।

सभा की शुरुआत भजन प्रस्तुतियों के साथ हुई, जिससे वातावरण श्रद्धा और भावनाओं से ओत-प्रोत हो गया। इसके पश्चात केपीजी सर के जीवन, उनके योगदान और उपलब्धियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में केपीजी सर के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके नेतृत्व, सादगी, दूरदर्शिता और शिक्षा व समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनका निधन समाज और संस्थान के लिए अपूरणीय क्षति है।

सभा ने यह स्पष्ट किया कि केपीजी सर ने अपने जीवन के माध्यम से अनगिनत लोगों को प्रेरित किया। उनका योगदान और विचारधारा आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।

कार्यक्रम का समापन दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

Related Post