चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च 2026 को हाटगम्हरिया गांव की रहने वाली शनिवारी सिंकु ने अपने घर से मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत थाना में दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर हाटगम्हरिया थाना में कांड संख्या 10/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 305 (a) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने पहले दिन में घर की रेकी की थी और रात में चारदीवारी के भीतर घुसकर बिना लॉक लगी मोटरसाइकिल को धक्का देकर चोरी कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH09F6132) बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वजरंग खण्डाईत (24 वर्ष), पिता स्वर्गीय कृष्णा खण्डाईत, निवासी हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र, जिला पश्चिमी सिंहभूम के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को 29 मार्च 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उत्तम तिवारी समेत पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

