Breaking
Sun. Mar 29th, 2026

चाईबासा में ‘आर्मी अफसर’ बनकर रची गई साजिश, युवक की बेरहमी से हत्या

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हाउस मैटेरियल सप्लाई का काम करने वाले सुभाष बानरा की हत्या मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए एक परिचित युवक ने खुद को ‘आर्मी अफसर’ बताकर सुभाष को फोन किया और उसे अपने जाल में फंसा लिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी ने नया घर बनाने के लिए सामग्री खरीदने का बहाना बनाया और सुभाष बानरा को आचू इलाके में शनिवार को साइट दिखाने के नाम पर बुलाया। सुभाष जैसे ही बताए गए स्थान पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया और सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को आचू पावर ग्रिड के पास सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि पहचान और साक्ष्य छिपाए जा सकें।

रविवार को थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने बताया कि मृतक के पिता मुकुंद बानरा की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर सुभाष की अपने परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी, जिसमें उसने बताया था कि एक परिचित ने उसे फोन कर बुलाया है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका।

शनिवार को देर शाम स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े खून से लथपथ शव पर पड़ी, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 52/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा।

Related Post