पलामू*: जिले में रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो पलामू में प्रज्ञा केंद्र का संचालन कर रहा था।
जानकारी के अनुसार उंटारी थाना क्षेत्र के जोगा गांव के रहने वाले संतोष कुमार पाल, आशीष चंद्रवंशी, विकास नारायण पाल, लवलेश चौधरी और संजीत पाल ने मेदिनीनगर टाउन थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रूस में जेसीबी ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर सभी से कुल 6.25 लाख रुपये लिए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ितों को जो नियुक्ति पत्र दिया था, वह पूरी तरह फर्जी है। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वह वर्तमान में पलामू के नावाजयपुर में प्रज्ञा केंद्र चला रहा था, जबकि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के नागीपुर खंडासा का रहने वाला है।
टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने पलामू में अपने दस्तावेज कैसे तैयार किए।
बताया जाता है कि आरोपी अनिल कुमार वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश से पलामू आया था और यहीं रहकर लोगों से संपर्क बनाकर उन्हें विदेश भेजने का झांसा देता था। पीड़ित सभी लोग जेसीबी ऑपरेटर हैं और आरोपी ने उनसे फोन और ऑनलाइन माध्यम से संपर्क कर पैसे वसूले।
पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।

