चाईबासा: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में रांची में आयोजित सीनियर अंतर जिला एलिट ग्रुप क्रिकेट प्रतियोगिता (एच. पी. बोधनबाला ट्रॉफी 2025-26) में पश्चिमी सिंहभूम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ को पाँच विकेट से पराजित कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम ने चार अंक हासिल किए।
रांची के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए इस मैच में रामगढ़ के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रामगढ़ की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 266 रन बनाए। टीम की ओर से योगेश भास्कर ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 118 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और आठ छक्के शामिल रहे। वहीं रौशन कुमार ने 85 रनों की उपयोगी पारी खेली, जिसमें बारह चौके और एक छक्का शामिल था।
पश्चिमी सिंहभूम की ओर से गेंदबाजी में वरुण कुमार सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 49 रन देकर चार विकेट लिए। तन्मय तंतुबाई ने दो विकेट हासिल किए, जबकि आदित्य पुष्कर और गौरव सिंह को एक-एक सफलता मिली।
266 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पश्चिमी सिंहभूम की टीम ने 46.4 ओवर में पांच विकेट खोकर 269 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। टीम के कप्तान अनुराग संजय पुर्ति ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 गेंदों में नौ चौकों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई।
अन्य बल्लेबाजों में सचिन दूबे ने 46 रन, अरविंद कुमार ने 41 रन, कुमार करण ने 39 रन, तन्मय तंतुबाई ने नाबाद 37 रन और आशीष तनवर ने 22 रन का योगदान दिया। वहीं साकेत कुमार सिंह ने तेज शुरुआत करते हुए मात्र आठ गेंदों पर 17 रन बनाए।
रामगढ़ की ओर से गेंदबाजी में दिव्यम राज ने दो विकेट लिए, जबकि आदर्श गिरी, समंत कुमार और अभिषेक कुमार को एक-एक विकेट मिला।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में रामगढ़ के योगेश भास्कर को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
उन्हें पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार मैच पर्यवेक्षक सह सीनियर चयन समिति के सदस्य मनोज यादव द्वारा प्रदान किया गया।
इससे पहले पश्चिमी सिंहभूम ने उषा मार्टिन क्रिकेट मैदान में खेले गए मुकाबले में हजारीबाग को एक विकेट से हराया था। लगातार दूसरी जीत से टीम का मनोबल काफी ऊंचा है।

