Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

सोनारी में फ्रिज ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी, खिड़की से कूदकर बचाई जान

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र स्थित सी-रोड में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक रिहायशी मकान में रखे फ्रिज में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि देखते ही देखते कमरे में आग फैल गई और कुछ ही पलों में पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया।

घटना के वक्त घर के अंदर मौजूद लोग अचानक हुए विस्फोट से घबरा गए। मुख्य दरवाजे तक पहुंचने का मौका नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए खिड़की का सहारा लिया और बाहर कूद गए। इस दौरान आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी और अन्य साधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी, जिस पर काबू पाना आसान नहीं था। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के अन्य घरों को नुकसान होने से बचा लिया गया।

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर के अंदर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर खाक हो गईं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना पर सोनारी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर फ्रिज में विस्फोट किस वजह से हुआ।

Related Post