पाकुड़/पलामू: झारखंड से दूसरे राज्यों तक फैल रहे नशे के अवैध कारोबार पर पलामू पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी खेप को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी कर हरियाणा भेजी जा रही अफीम को जब्त किया और इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अफीम की डिलीवरी होने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और इलाके में सघन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान यात्री शेड के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आए। पुलिस ने जब उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के रिमी रामपुर गांव निवासी मुकेश कुमार रजक और सत्यदेव यादव के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 1 किलो 263 ग्राम अफीम बरामद की गई, जिसे वे ट्रेन के माध्यम से हरियाणा ले जाकर सप्लाई करने की फिराक में थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से ही नशा तस्करी के मामलों में संलिप्त रहे हैं और हरियाणा में भी उनके खिलाफ केस दर्ज हैं। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और पूरे गिरोह की कड़ियों को खंगाल रही है।
इस मामले में मेदिनीनगर टाउन थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच तेज कर दी गई है।
छापेमारी टीम में डीएसपी राजीव रंजन, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, टीओपी-2 प्रभारी राकेश कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

