जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद एवं केरला समाजम मॉडल स्कूल के चेयरमैन स्वर्गीय के पी जी चेट्टन को जमशेदपुर के मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों एवं समाजसेवियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका पार्थिव शरीर केरला समाजम मॉडल स्कूल परिसर में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
इस दौरान सामाजिक संस्था ह्यूमन वेलफेयर ट्रस्ट के सेक्रेट्री मुख्तार आलम खान, केंद्रीय शांति समिति के सदस्य मोहम्मद मोइनुद्दीन अंसारी, बास्केटबॉल कोच आरिफ आफताब, आजादनगर थाना शांति समिति के सदस्य शाहिद परवेज, पारडीह निवासी मोहम्मद वाहिद, धतकीडीह निवासी मोहम्मद फहीम एवं मास्टर खुर्शीद अहमद खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय चेट्टन के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्तार आलम खान ने कहा कि शिक्षा जगत में उनके द्वारा किए गए कार्यों को सदैव स्मरण किया जाएगा और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

