चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में 20 मार्च 2026 को विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल चाईबासा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सिविल सर्जन डॉक्टर मीना कालुण्डीया ने दीप जलाकर की। इस वर्ष का थीम “A Happy Mouth is a Happy Life” यानी “खुशहाल मुख, खुशहाल जीवन” रखा गया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉक्टर मीना कालुण्डीया ने कहा कि मौखिक स्वास्थ्य, संपूर्ण स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दिन में कम से कम दो बार सुबह और रात में ब्रश करें और हर छह माह में अपने नजदीकी सदर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य उपकेंद्र में दांतों की जांच अवश्य कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि सिगरेट, बीड़ी, खैनी और गुल जैसे नशे के सेवन से कैंसर का खतरा बढ़ता है।
दंत चिकित्सक डॉक्टर मालक ने बताया कि मुंह की साफ-सफाई जीवन के लिए उतनी ही जरूरी है, जितना भोजन। मुंह में बैक्टीरिया की सफाई होने से दांत और मसूड़े स्वस्थ रहते हैं।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 14 मार्च से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। साथ ही जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर नि:शुल्क दंत जांच शिविर भी लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा पंपलेट और आईईसी सामग्री का वितरण कर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मौखिक स्वच्छता बनाए रखने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस मौके पर डॉक्टर मीनू कुमारी, जिला आरसीएच, डॉक्टर शिवचरण हंसदा, उपाधीक्षक सदर अस्पताल चाईबासा, डॉक्टर सुष्मिता, डॉक्टर बासमती, डॉक्टर निशा, डॉक्टर मालक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक तथा एनसीडी सेल के कर्मी मौजूद थे।

