Breaking
Thu. Mar 19th, 2026

रांची में रेलवे संपत्ति चोरी का खुलासा, आरपीएफ ने चार आरोपियों को दबोचा

रांची। रांची रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे संपत्ति चोरी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 15/16 मार्च 2026 की रात रेलवे कोर्ट के समीप स्थित पीआरएस भवन की खिड़की तोड़े जाने की सूचना मिली थी। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट रांची में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद 17 मार्च को निरीक्षक रांची के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की।

गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर रेलवे कॉलोनी स्थित एक परित्यक्त क्वार्टर में छापेमारी की गई। यहां पांच लोगों को रेलवे के विद्युत केबल काटते और उसका इंसुलेशन हटाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से करीब 42 मीटर रेलवे केबल के साथ हेक्सा ब्लेड और पेपर कटर भी बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रेलवे के पंप हाउस का ताला तोड़कर केबल चोरी की थी और पीआरएस भवन में भी चोरी का प्रयास किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कच्छप, कृष्णा मुंडा, अनुज टोप्पो और लव मुंडा के रूप में हुई है, जो सभी चुटिया थाना क्षेत्र के निवासी हैं। एक 16 वर्षीय किशोर को भी मामले में पकड़ा गया है।

आरपीएफ ने सभी आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद केबल की अनुमानित कीमत करीब 5,900 रुपये बताई गई है।

Related Post