Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

चाईबासा में अवैध लकड़ी से लदा ट्रक जब्त, तस्कर फरार

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में वन विभाग ने लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बंदगांव थाना क्षेत्र के पोड़ाहाट वन क्षेत्र से एक 12 चक्का ट्रक जब्त किया है। ट्रक में भारी मात्रा में अवैध साल लकड़ी लदी हुई थी। हालांकि वन कर्मियों को देखते ही चालक और उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सोंगरा-केरा वन क्षेत्र के रेंजर तरुण कुमार सिंह को मंगलवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर रात में एक टीम गठित कर हेसाडीह इलाके की ओर भेजा गया। करीब रात 10 बजे टेबो जंगल के पास एनएच-75 ई पर संदिग्ध ट्रक को रोका गया, लेकिन इससे पहले ही चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।

जब्त ट्रक से 75 से 80 पीस साल लकड़ी बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 से 8 लाख रुपए बताई जा रही है। वन विभाग की टीम ट्रक को कब्जे में लेकर चक्रधरपुर कार्यालय ले आई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रक पर लगा नंबर फर्जी है और चाईबासा का नया रजिस्ट्रेशन नंबर दर्शाया गया है। अब वन विभाग चेसिस नंबर के आधार पर असली मालिक का पता लगाने में जुटा है। इस मामले में अज्ञात तस्करों और वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Post