Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

चाईबासा में अवैध महुआ शराब भट्टी पर छापा, 4000 किलो जावा महुआ नष्ट

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लतारसीका में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित महुआ शराब भट्टी को ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान मौके से शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों को भी नष्ट किया गया, साथ ही करीब 4000 किलोग्राम जावा महुआ को विनष्ट कर दिया गया।

यह कार्रवाई बुधवार को उत्पाद विभाग द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि सहायक आयुक्त उत्पाद को सूचना मिली थी कि लतारसीका गांव में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान टीम को कई अस्थायी भट्टियां, ड्रम, पाइप, प्लास्टिक के कंटेनर और अन्य उपकरण मिले, जिनका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जा रहा था। मौके पर भारी मात्रा में जावा महुआ भी पाया गया, जिसे नष्ट कर दिया गया ताकि दोबारा इसका उपयोग न हो सके।

हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही अवैध धंधे में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। विभाग द्वारा उनकी पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उत्पाद विभाग ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में इस पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Related Post