Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

बागबेड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत

जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित संकटा सिंह पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में लगभग 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला सड़क किनारे पैदल चल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृत महिला स्टेशन परिसर के आसपास भीख मांगकर अपना जीवन यापन करती थी। हादसे के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क के बीच पड़े शव के आसपास बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को घेर लिया, ताकि यातायात को नियंत्रित करते हुए जांच की जा सके।

देर रात तक महिला की पहचान नहीं हो पाई थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर टेंपो के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे की पूरी जांच के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Related Post