चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल सभागार, सदर चाईबासा में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा सिद्धांत कुमार, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा और गजेन्द्र गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि जनगणना देश के विकास, योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके आधार पर भविष्य की योजनाएं तय की जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना डिजिटल मोड में की जाएगी, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। प्रशिक्षण के दौरान बताई गई बातों को ध्यानपूर्वक समझने पर जोर दिया गया।
जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड रांची से आए उप निदेशक गजेन्द्र गुप्ता ने प्रशिक्षणार्थियों को मकान सूचीकरण और भवनों की गणना से जुड़ी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी, जिससे आंकड़ों का संकलन तेजी और सटीकता के साथ किया जा सकेगा। मोबाइल ऐप के जरिए प्रगणक प्रत्येक घर का डेटा दर्ज करेंगे।
वहीं, सांख्यिकी अन्वेषक आशीष कुमार ने तकनीकी सहायकों को सीएमएमएस पोर्टल का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण सत्र में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-चार्ज पदाधिकारी, प्रशासक-सह-चार्ज पदाधिकारी चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद तथा सभी चार्ज के तकनीकी सहायकों ने भाग लिया।

