Breaking
Mon. Mar 16th, 2026

एटीएम कार्ड बदलकर करते थे ठगी, दो शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे

*रांची :* रांची में एटीएम कार्ड बदलकर पैसे की ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम विक्रम कुमार शर्मा उर्फ बिट्टू और धनंजय कुमार सिंह बताये गये। तलाशी में उनके पास विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद हुए। यह कार्रवाई रांची एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना पर की गई। सूचना मिली थी कि दो अपराधी पल्सर मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शहर के विभिन्न इलाकों में घूम रहे हैं और एटीएम कार्ड बदलकर अवैध रूप से पैसे निकाल रहे हैं।

सूचना के बाद सिटी एसपी के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र में बीआईटी रेलवे ओवरब्रिज के पास पुलिस ने एक ब्लू रंग की पल्सर बाइक (JH01CF-4430) पर सवार दो लोगों को रोका। दोनों लोग हेलमेट पहने थे और पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर जुमार पुल के पास उन्हें पकड़ लिया। दोनों बिहार के नवादा के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का काम करते हैं और रांची में इसी मकसद से आए थे। रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के अनुसार, यह गिरोह पहले भी रांची और अन्य जिलों जैसे धनबाद, जमशेदपुर, गिरिडीह में इसी तरह की ठगी कर चुका है। इस मामले में मेसरा ओपी में प्राथमिकी संख्या 120/26 दर्ज की गई है। इन लोगों के पास से तीन एटीएम कार्ड, ब्लू रंग की पल्सर बाइक (फर्जी नंबर प्लेट JH01CF-4430, असली नंबर JH01CE-4430) और दो मोबाइल फोन जब्त किया गया है। वहीं, आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इन लोगों को दबोचने में सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा, सदर थानेदार इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार और मेसरा ओपी प्रभारी अजय कुमार दास की भूमिका सराहनीय रही।

Related Post