Breaking
Mon. Mar 16th, 2026

जमशेदपुर में 18 मार्च को निकलेगी हिंदू नववर्ष यात्रा, ट्रांसपोर्ट मैदान से आम बागान मैदान तक भगवा रंग में रंगेगा शहर

जमशेदपुर।शहर में हिंदू नववर्ष के अवसर पर 18 मार्च को भव्य नववर्ष यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा डिमना स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान से दोपहर बाद 3 बजे शुरू होगी और आम बागान मैदान तक जाएगी। आयोजन समिति का कहना है कि इस दौरान पूरा शहर भगवा रंग में रंगा नजर आएगा और जगह-जगह भगवा झंडे लहराते दिखाई देंगे।

इस संबंध में सोमवार को मानगो स्थित बड़ा हनुमान मंदिर परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष के रवि प्रकाश, समाजसेवी पवन सिंह, भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रसाद सहित कई लोग मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस वर्ष की नववर्ष यात्रा को विशेष रूप से आकर्षक बनाने की तैयारी की गई है। यात्रा का मुख्य आकर्षण रामगढ़ का प्रसिद्ध डंका रहेगा। इसके अलावा राम दरबार और भगवान शिव से संबंधित झांकियां भी शामिल की जाएंगी, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी। नौ फीट ऊंचे बजरंगबली की प्रतिमा भी यात्रा में शामिल रहेगी, जिसे देखने के लिए लोगों में उत्साह रहेगा।

आयोजन समिति के सदस्य धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि नववर्ष यात्रा के स्वागत के लिए शहर के कई स्थानों पर तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। साथ ही कई आकर्षक झांकियां कोलकाता से मंगाई जा रही हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे।

उन्होंने बताया कि इस यात्रा में करीब पांच लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। शहर के विभिन्न इलाकों से लोग ट्रांसपोर्ट मैदान पहुंचेंगे, जहां से सामूहिक रूप से यात्रा की शुरुआत होगी। इसके बाद यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आम बागान मैदान पहुंचेगी, जहां इसका समापन किया जाएगा।

यात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोजन समिति की ओर से 200 वालंटियर तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे कार्यक्रम के आयोजन में जिला प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।

समाजसेवी पवन सिंह ने बताया कि इस यात्रा की एक विशेषता यह भी होगी कि लगभग 1000 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर यात्रा का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को हिंदू नववर्ष के महत्व के प्रति जागरूक करना है, ताकि लोग अपने पारंपरिक हिंदू पंचांग के अनुसार नववर्ष मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि आजकल अधिकांश लोग अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार नववर्ष मनाते हैं, जबकि भारतीय संस्कृति में हिंदू पंचांग का विशेष महत्व है। इसलिए सभी लोगों से अपील की गई कि वे हिंदू नववर्ष को सादगी और भक्ति भावना के साथ मनाएं और इस यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

Related Post