Breaking
Mon. Mar 16th, 2026

झीलरूवां प्लस-2 स्कूल को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा देने की मांग

*झीलरूवां प्लस-2 स्कूल को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा देने की मांग*

 

गोइलकेरा: गोइलकेरा प्रखंड के प्लस-2 प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय झीलरूवां को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा देने की मांग विधायक जगत माझी ने विधानसभा में उठाई।

सोमवार को विधायक ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से इस संबंध में मांग करते हुए कहा कि गोइलकेरा प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र में स्थित प्लस-2 प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय झीलरूवां को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा मिलने से वहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

इस पर विभागीय शिक्षा मंत्री ने जवाब देते हुए बताया कि पंचायत स्तरीय आदर्श विद्यालयों में झीलरूवां प्लस-2 स्कूल, गोइलकेरा को शामिल किया गया है। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आईसीटी, स्मार्ट क्लास, साइंस लैब, वोकेशनल लैब और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मंत्री ने बताया कि राज्य में 80 जिला स्तरीय विद्यालयों को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय घोषित किया गया है, जिनमें पश्चिमी सिंहभूम जिले में चार मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में दूसरे चरण में 100 प्रखंड स्तरीय सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जा रहे हैं। इनमें पश्चिमी सिंहभूम जिले के छह विद्यालय शामिल हैं, जिनमें प्लस-2 उच्च विद्यालय ईश्वर पाठक मनोहरपुर, प्लस-2 उच्च विद्यालय रसेल जगन्नाथपुर, प्लस-2 उच्च विद्यालय हाटगम्हरिया, प्लस-2 उच्च विद्यालय चिटीमिटी तांतनगर, प्लस-2 उच्च विद्यालय राजआनंदपुर आनंदपुर और उच्च विद्यालय छोया झींकपानी शामिल हैं।

मंत्री ने बताया कि इन विद्यालयों का चयन बच्चों की कुल जनसंख्या और विद्यालय में कुल नामांकन के आधार पर किया गया है। इसके अलावा राज्य में 325 प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालय और 4091 पंचायत स्तरीय आदर्श विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं।

पश्चिमी सिंहभूम जिले में 18 प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालय और 222 पंचायत स्तरीय आदर्श विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।

Related Post