चाईबासा: चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश और उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा सहित सभी वार्ड पार्षद शपथ ग्रहण के बाद शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर परिषद चाईबासा के सभागार में आगामी पर्व-त्योहार रामनवमी, ईद और सरहुल को ध्यान में रखते हुए एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने की।
बैठक में नगर परिषद चाईबासा की प्रशासक संतोषनी मुर्मू, नगर प्रबंधक तथा नगर परिषद के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे। बैठक में मुख्य रूप से शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और त्योहारों के दौरान नगर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने नगर परिषद से जुड़े पदाधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में शहर में कई प्रमुख पर्व-त्योहार होने वाले हैं। ऐसे में नगर परिषद को पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करनी होंगी, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा शहर के सभी वार्डों में नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पेयजल व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी के मौसम और त्योहारों को देखते हुए शहर में पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को समय रहते आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी इलाके में पानी की समस्या उत्पन्न न हो।
इस दौरान कचरा उठाव का काम कर रही एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा की गई। उन्हें निर्देश दिया गया कि शहर में कचरा उठाव की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए और तय समय पर सभी वार्डों से कचरा उठाया जाए।
बैठक में नगर परिषद की प्रशासक संतोषनी मुर्मू ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व-त्योहार से पहले शहर की सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए।
नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य है कि चाईबासा शहर के लोगों को साफ-सुथरा वातावरण और बेहतर सुविधाएं मिलें। इसके लिए सभी पदाधिकारी और कर्मचारी मिलकर काम करें, ताकि आने वाले पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।

