Breaking
Sat. Mar 14th, 2026

चतरा में दो भीषण सड़क हादसे, दो लोगों की मौत से मचा हड़कंप

चतरा: जिले में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। पहली घटना चतरा के संघरी घाटी में हुई, जहां NTPC से फ्लाई ऐस लोड कर प्रतापपुर की ओर जा रहा एक हाईवा वाहन तीखी घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र निवासी राजेन्द्र रॉय (पिता टेकन रॉय) के रूप में की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया।

वहीं दूसरी घटना घंघरी देवी मंडप के समीप घटी, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार संजय सिंह, जो हंटरगंज थाना क्षेत्र के हिरिंग गांव के निवासी थे, की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि संजय सिंह आईटीआई कॉलेज जोरी में ड्यूटी कर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गया–डोभी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब आधे घंटे बाद अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी के मौके पर पहुंचने तथा समझाने-बुझाने के बाद जाम हटाया गया।

लगातार हो रहे सड़क हादसों से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने तथा सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।

Related Post