चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में नगर पालिका (सामान्य) चुनाव के बाद शनिवार को सदर अनुमंडल कार्यालय के सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त चंदन कुमार ने चाईबासा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश और नगर परिषद के 21 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि शहर के विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी पार्षदों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चाईबासा में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद निरंतर प्रयास करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
समारोह में मौजूद अधिकारियों ने भी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि नगर परिषद के प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल से शहर में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी सिद्धांत कुमार, अपर उपायुक्त सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर परिषद के सभी नवनिर्वाचित पार्षद, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। शपथ ग्रहण के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और शहर के विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।

