बोकारो: सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सेक्टर-8/बी स्थित डीएवी स्कूल परिसर में कार में आग लगाने और मारपीट की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से पीड़ितों से छीने गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस संबंध में सेक्टर-4 थाना में कांड संख्या 20/2026 दिनांक 11 मार्च 2026 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिलगडिया खटाल निवासी सुमंत कुमार (24 वर्ष) पिता देवनंदन यादव और बिट्टू कुमार यादव (25 वर्ष) पिता शैलेन्द्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वादी कुणाल कुमार सिंह और पीड़ित विक्की कुमार सिंह से छीने गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इनके खिलाफ बीएस सिटी थाना में पूर्व में भी कांड संख्या 19/2026 के तहत मामला दर्ज है। छापामारी दल में नगर डीएसपी आलोक रंजन, सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार, बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास, अवेन्द्र कुमार साव, नीरज सेठ, जितेश कुमार, सुनील मनोहर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी रखे हुए है।
डीएवी स्कूल परिसर हिंसा मामले में दो गिरफ्तार, छीने गए मोबाइल बरामद — सेक्टर-8/बी में कार में आगजनी और मारपीट मामला

