जमशेदपुर।देश के कई राज्यों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। अलग-अलग राज्यों में पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीमों ने छापेमारी कर बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए हैं और कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में बड़ी बरामदगी
बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज स्थित एक अत्यंत रिहायशी इलाके में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर और उससे जुड़ी एक दुकान से ढाई सौ से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार ये सिलेंडर अवैध तरीके से जमा कर कालाबाजारी के लिए रखे गए थे। स्थानीय लोगों की सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर कहां से लाए गए और किन-किन लोगों की इसमें भूमिका है।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में सपा नेता के घर छापा
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी से जुड़े बताए जा रहे नेता अब्दुल रेहान के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 55 भरे हुए और कई खाली गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी जरूरतमंद लोगों को एक गैस सिलेंडर दो हजार रुपये तक में बेच रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
उत्तराखंड में तीन दिनों में 280 निरीक्षण, 74 सिलेंडर जब्त
उत्तराखंड में नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग ने राज्यभर में विशेष अभियान चलाया है। विभाग के आयुक्त के अनुसार 10 मार्च से 12 मार्च के बीच कुल 280 निरीक्षण किए गए, जिनमें 58 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान अवैध भंडारण और दुरुपयोग के मामलों में 74 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। विभाग ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही एक वजन मापने वाला काटा और दो रिफिलिंग किट भी जब्त की गई हैं। कार्रवाई के दौरान अनियमितताओं के लिए 4600 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।
छत्तीसगढ़ के बस्तर में भी प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अभियान चलाया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने शहर के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में छापेमारी कर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर जब्त किए। इस कार्रवाई के बाद अवैध गैस कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पटना के बाढ़ में होटलों पर छापेमारी
बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में भी घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। गैस एजेंसी के अधिकारियों और बाढ़ थाना पुलिस की टीम ने कई होटलों और रेस्टोरेंट में छापेमारी की। जांच के दौरान तीन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए और संबंधित प्रतिष्ठानों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस तरह की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर आम लोगों के उपयोग के लिए सब्सिडी के साथ उपलब्ध कराए जाते हैं, लेकिन कुछ लोग अवैध तरीके से इन्हें जमा कर महंगे दामों पर बेचते हैं या व्यावसायिक इस्तेमाल में लगाते हैं। इसे रोकने के लिए देशभर में निगरानी बढ़ाई गई है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

