Breaking
Fri. Mar 13th, 2026

झुमरीतिलैया में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

कोडरमा। तिलैया थाना अंतर्गत तिलैया बस्ती के टीनवाटांड़ में बीती रात 19 वर्षीया युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान शिपु कुमारी पिता प्रकाश चंद्रवंशी के रूप में की गई है। मृतका के पिता प्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि हर दिन की भांति शिपु खाना खाने के पश्चात सारा काम खत्म करने के बाद रात 11 बजे वह अपने कमरे में सोने चली गई। इधर गुरुवार की सुबह जब वे शिपु को उठाने के लिए उसके कमरे के पास गए तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने शिपु को कई बार दरवाजा खोलने के लिए कहा लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। जिसके बाद वे घर के पिछले हिस्से में गए और खिड़की से झाँककर देखा तो कमरे का नजारा देखकर वह सन्न रह गए। उन्होंने देखा कि उनकी बेटी कमरे के अंदर छत से लगे फंदे में दुपट्टे के सहारे झूल रही थी। इसके पश्चात वह घर के अंदर आए और उस कमरे के वेंटिलेशन को तोड़कर अपने छोटे बेटे को अंदर प्रवेश करवाया। जिसके बाद उनके बेटे ने कमरे का दरवाजा खोला। उन्होंने पुत्री को फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताते चलें कि मृतका की इसी वर्ष हजारीबाग में शादी होनी थी और सोमवार को उसकी सगाई भी होने वाली थी। इधर घटना के पश्चात जब मृतका का मोबाइल फोन ऑन किया गया तो उसमें उसकी एक लड़के से बातचीत का चैट देखने को मिला। उक्त चैट में लड़के द्वारा कई अभद्र वार्तालाप भी दिखा। वहीं उक्त मैसेज के बीच में लड़के का एक ऑडियो भी दिखा, जिसमें उसके द्वारा शिपु को भद्दी-भद्दी गालियां दी गई हैं। बीती रात लड़के का आखिरी एक मैसेज आया है, जिसमें उसके द्वारा शिपु को यह कहा गया है कि वह उसकी मां से सब कुछ बताने वाला है। परिजनों को संदेह है कि इसी वजह से शिपु ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

Related Post