जमुई : गिद्धौर-जमुई बाईपास पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृत महिला की पहचान जमुई थाना क्षेत्र के नीमारंग गांव निवासी बिरजू साव की पत्नी रुको देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रुको देवी अपने बेटे रतन साह के साथ बाइक से लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के दिग्घी सुखासन गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान जब वे गिद्धौर-जमुई बाईपास स्थित कोल्हुआ चौक के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रुको देवी बाइक से नीचे गिर गईं और ट्रक के पहिये के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने ट्रक को घेरकर रोक लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध में गिद्धौर-जमुई बाईपास को जाम कर दिया।
ग्रामीणों के सड़क जाम करने के कारण करीब तीन घंटे तक बाईपास पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर गिद्धौर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, खैरा थानाध्यक्ष मिंटू सिंह, अंचल निरीक्षक संजय कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गिद्धौर-कोल्हुआ-जमुई बाईपास मार्ग पर जोगा झिंगोई बालू घाट से दिन-रात बालू लदे ट्रकों का आवागमन होता है। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस सड़क पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

